अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अनुसूचित जाति की आठ वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले 18 वर्षीय फरमान ने बच्ची को बहला-फुसलाकर खेतों की ओर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता कक्षा दो में पढ़ती है और दोपहर के समय आरोपी उसे भैंसा-बुग्गी पर बैठाकर खेत की ओर ले गया था। कुछ समय बाद बच्ची रोती हुई घर लौटी और परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना से आक्रोशित परिजन तुरंत बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कराई। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इसी बीच प्रशासन ने आरोपी के घर पर कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से ध्वस्तीकरण कराया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी में बाधा और सहयोग न मिलने की स्थिति में यह कार्रवाई की गई। रात करीब नौ बजे दो बुलडोजरों की मदद से घर को ध्वस्त किया गया।
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्थिति में दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।