अयोध्या। शनिवार को छठी बार दीपोत्सव ने विश्व कीर्तिमान बनाया। यह अब तक का सबसे भव्य दीपोत्सव है, जिसमें 22 लाख 23 हजार प्रज्वलित दीयों का विश्व कीर्तिमान बना। रामकी पैड़ी के 51 घाटों पर करीब 25 हजार स्वयंसेवकों ने बीती आठ नवंबर से ही दीयों को सजाना आरंभ कर दिया था। 

शुक्रवार को ही दीयों को बिछा लिया गया। हालांकि, शनिवार सुबह हुई बारिश से स्वयंसेवकों के साथ अवध विश्वविद्यालय के अधिकारियों व जिला प्रशासन की भी धुकधुकी बढ़ गई, लेकिन रामकाज में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई।

करीब सात बजे विश्व कीर्तिमान स्थापित

अवध विवि की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने रामकी पैड़ी पहुंच स्वयं कमान संभाली। शाम को गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम ने प्रज्वलित दीयों की गणना की। इसके लिए दीयों को कम से कम पांच मिनट और अधिकतम 16 मिनट तक प्रज्वलित रहना था। ऐसा हुआ भी, जिसका परिणाम रहा कि शाम करीब सात बजे विश्व कीर्तिमान स्थापित हुआ। 

सीएम योगी को मिला प्रमाणपत्र

गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसका प्रमाणपत्र भेंट किया। अब तक हुए दीपोत्सव में सिर्फ पहली बार 2017 में कीर्तिमान नहीं बन सका था। शेष सभी गिनीज बुक में अंकित हुए हैं।

दीपोत्सव पर एक नजर

वर्ष - दीपक - घाट - स्वयंसेवक

2017 - 187213 - 09 - 4000

2018 - 301152 - 14 - 5000

2019 - 404026 - 17 - 7000

2020 - 606569 - 24 - 10000

2021- 941551 - 32 - 12000

2022 - 1576955 - 34 - 22000

2023 - 2223000 - 51 - 25000।

इनकी रही मौजूदगी

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, लगभग 50 देशों के राजनयिक, बीते समय की प्रख्यात अभिनेत्री पद्मविभूषण आशा पारेख, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीशचंद्र शर्मा, सांसद लल्लू सिंह, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव व बीकापुर विधायक डा. अमित सिंह चैहान, एमएलसी हरिओम पांडेय व मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद आदि उपस्थित रहे।