अफ्रीकी महाद्वीप के देश इथियोपिया में 4 भारतीय फंसे हुए हैं। उनमें से तीन अलीगढ़ के रहने वाले हैं। उन्हें वापस लाने के लिए परिजनों ने डीएम विशाल भारद्वाज से गुहार लगाई है। ये लोग इथोपिया में नौकरी करने गए थे। वेतन मांगने पर कंपनी ने उन्हें बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके साथ ही उनका पासपोर्ट भी छीन लिया गया है। बंधक बने 4 लोगों में तीन आजमगढ़ में वेलकुंडा के रहने वाले संजय कुमार मिश्र, चंदाभारी के राज बहादुर चौबे, जूड़ा रामपुर के संदीप सिंह हैं। इसके अलावा बलिया के जनऊपुर में रहने वाले धर्मेंद्र यादव भी अफ्रीकी देश में बंधक हैं।
इथियोपिया में बंधक बनाए गए कर्मचारियों की रिहाई के लिए परिजनों ने डीएम विशाल भारद्वाज से मदद मांगी।
परिजन बोले- सरकार और शासन करे मदद
संजय मिश्रा के बेटे मृत्युंजय मिश्रा कहा, “आज मां के साथ हम लोगों ने डीएम को प्रार्थना-पत्र दिया है। मेरे पिता को बंधक बना लिया गया है। पिता का पासपोर्ट भी छीन लिया गया है। सभी को एक कमरे में बंद करके रखा गया है। हमारी सरकार और जिला प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द पिता की वतन वापसी कराई जाए।”
इथियोपिया में बंधक राज बहादुर चौबे की बेटी और पत्नी ने भी डीएम से मुलाकात की। बेटी रूपाली चौबे ने कहा, “सरकार और जिले के डीएम जल्द से जल्द मेरे पिता को भारत लाने में मदद करें।” बंधक संदीप सिंह के पिता विजय प्रताप सिंह का कहना है, “हम लोग बहुत घबराए हुए हैं। जल्द से जल्द हमारे बच्चों की भारत वापसी कराई जाए।”
थदास स्टील ने बनवाया था वीजा
आजमगढ़ के तीन लोगों को 9 मार्च 2022 को गाजियाबाद की प्रीत मशीनरी रोलिंग मशीन की तरफ से इथियोपिया भेजा गया था। थदास स्टील ने इनका वीजा बनवाया था। कहा था कि इथियोपिया में एक प्रोजेक्ट शुरू करना है।
तीन महीने बाद इन चारों की भारत वापसी तय हुई थी। संजय मिश्रा इस कंपनी में बतौर रोलिंग फोरमैन और बाकी तीनों लोग फिटर के पद पर तैनात हुए थे।