लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को लखनऊ में मध्य प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ से आए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि बहुजन समाज की अस्मिता और सत्ता में आने के लिए एकजुट होना बेहद जरूरी है। उन्होंने चुनावों से पहले मिलने वाले प्रलोभनों से बचने की भी सलाह दी और चेतावनी दी कि अगर लोग इस पर ध्यान नहीं देंगे, तो चुनाव के बाद उनके लिए परिस्थितियाँ कठिन हो सकती हैं।

मायावती ने बताया कि बसपा ने उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और संवेदनशील राज्य में चार बार सरकार चला कर कानून का राज स्थापित किया और सर्वसमाज की सुरक्षा सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश में किसी अन्य पार्टी के लिए आसान नहीं रही।

इससे पहले, मायावती ने 15 मार्च को बसपा संस्थापक कांशीराम का जन्मदिन धूमधाम से मनाए जाने पर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने आगामी 15 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती बसपा के मिशनरी उद्देश्यों के साथ मनाने की अपील भी की।