बिजनौर। गेंडाजूड़ के पास हावड़ा-जम्मूतवी रेल लाइन पर शनिवार रात लगभग 11:30 बजे कुमारी रेनू देवी (26) पुत्री चंद्रपाल सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। वह गेंडाजूड़ की निवासी थीं। हादसा इतना भीषण था कि शव का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गया।

थाना स्योहारा पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे क्रॉसिंग गेंडाजूड़ के पास किलोमीटर संख्या 1439/7 अप लाइन पर एनएमजी मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे।

घटनास्थल पर पुलिस को मृतका का मोबाइल मिला, जो चालू था लेकिन लॉक था। पुलिस ने शव के अंगूठे का इस्तेमाल करके मोबाइल अनलॉक किया। इसके बाद कॉल डिटेल्स की मदद से परिजनों से संपर्क किया गया। रेनू देवी के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उनकी पहचान की।

बताया गया है कि किसी बात को लेकर रेनू देवी और परिजनों में बहस हुई थी। घर रेलवे ट्रैक से 100 मीटर से भी कम दूरी पर था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वह कब घर से निकलकर ट्रैक तक पहुंच गई।

रेनू देवी तीन बहनों और दो भाइयों में से एक थीं। घटना के समय घर में उनकी मां, बड़ी बहन और छोटा भाई मौजूद थे, जबकि पिता बाहर गए हुए थे। सीओ अभय कुमार पांडेय ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।