बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह अचानक रुक गया, जब एक युवती बैंक्वेट हॉल पहुंची और दूल्हे पर दो साल से शादी का झांसा देने का आरोप लगाया। यह युवती नोएडा की रहने वाली है और दावा कर रही है कि वह दूल्हे की लिव-इन पार्टनर है।
मंडप में मची अफरा-तफरी
युवती के हंगामे के बाद शादी समारोह में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। कुछ समय बाद युवती वहां से चली गई, लेकिन वधू पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दूल्हा नोएडा के एक मेडिकल कॉलेज से बीयूएमएस की पढ़ाई कर चुका है। पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात एक ब्यूटी पार्लर संचालिका से हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। युवती दो बच्चों की मां बताई जा रही है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल शादी को रोक दिया गया है। युवती की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।