बिजनौर। महाराष्ट्र की ‘ड्रीम सन शाइन’ नामक कंपनी में निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ठगी से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद निवेशकों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने हर्सवाड़ा क्षेत्र में स्थित कंपनी के स्थानीय कार्यालय पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और वहां लगा ताला तोड़कर अंदर रखा सामान अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार अलफलाह स्कूल के पास ‘ड्रीम सन शाइन’ कंपनी का एक कार्यालय संचालित किया जा रहा था। यहां के संचालक निवेशकों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर पैसा जमा करा रहे थे। जलालाबाद क्षेत्र के कई लोग पिछले कुछ वर्षों से इस कंपनी में निवेश कर रहे थे। कंपनी की ओर से दावा किया जाता था कि एक लाख रुपये जमा करने पर हर महीने चार से पांच हजार रुपये तक का रिटर्न दिया जाएगा।
नियमित भुगतान मिलने से लोगों का भरोसा बढ़ता गया और निवेश करने वालों की संख्या भी बढ़ती चली गई। बताया जा रहा है कि रमजान से पहले निवेशकों को लुभाने के लिए प्रति लाख रुपये पर नौ हजार रुपये मासिक देने की बात कही गई थी, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने रकम जमा कर दी।
इस बीच महाराष्ट्र से कंपनी की ठगी से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद निवेशक घबराकर हर्सवाड़ा स्थित कार्यालय पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने कार्यालय का ताला तोड़ दिया और वहां रखा लैपटॉप, फ्रिज, कूलर सहित अन्य सामान उठा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।
बताया जा रहा है कि बिजनौर जिले के लोगों से करीब पांच करोड़ रुपये तक की रकम निवेश के नाम पर ली गई है। कई लोगों ने तीन से पांच लाख रुपये जमा किए, जबकि कुछ ने 10 से 15 लाख रुपये तक निवेश किया था। मामला सामने आने के बाद कंपनी से जुड़े जलालाबाद क्षेत्र के कुछ लोग अपने घरों पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं।
सीओ नितेश प्रताप सिंह और थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी निवेशक की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।