रामनगरी में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पहुंच गए हैं। कुछ ही देर में वह रामकथा पार्क में रामायण कालीन प्रसंगों पर आधारित निकाली जा रही शोभायात्रा की अगवानी करेंगे। वहीं दूसरी तरफ 500 वर्षों बाद बालक राम के भव्य मंदिर में विराजने के बाद से अयोध्यावासी खुशी से सराबोर हैं। नव्य मंदिर में उनकी पहली दिवाली पर 25 लाख दीपों के एक साथ जलने का कीर्तिमान बनेगा। सुबह 9 बजे झांकियों का मेगा शो शुरू हो गया। इस दौरान अध्यात्म, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम दिखा।

मंच तैयार... कुछ देर में पहुंचेंगे सीएम

रामकथा पार्क में मंच तैयार है। कुछ ही देर में सीएम यहां पहुंचेंगे। वार रामायण कालीन प्रसंगों पर आधारित झांकियों की अगवानी करेंगे। इसके बाद आगे के कार्यक्रम होंगे।

दीयों में तेल और बाती डालने में जुटे 30 हजार स्वयंसेवक

राम की पैड़ी में सजाए गए दीयों में तेल और बाती डालने का काम अंतिम दौर में है। 30 हजार स्वयंसेवकों की टीम इस काम पर जुटी हुई है।

25 लाख दीयों को जलाने का विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए राम की पैड़ी तैयार है। 

केंद्रीय पर्यटन मंत्री भी होंगे शामिल

सीएम रामकथा पार्क में सबसे पहले शोभायात्रा की अगवानी करेंगे। इसके बाद राम राज्याभिषेक समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी समारोह का हिस्सा बनेंगे।

दीपोत्सव में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच गए हैं। वह थोड़ी देर में रामकथा पार्क पहुंचेंगे।

रामायण कालीन प्रसंग की झांकियों की शोभायात्रा

पुष्पवर्षा और शंख ध्वनि के बीच शोभायात्रा निकाली गई। लोक कलाकारों के नृत्य के बीच शोभायात्रा राम पथ पर आगे बढ़ रही है। रामायण कालीन प्रसंग की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। 

रामनगरी पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ; रामकथा पार्क में शोभायात्रा की करेंगे अगवानी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में इस बार एक और बड़ा रिकॉर्ड बनने जा रहा है। यह रिकॉर्ड सरयू तट पर महाआरती का है। शाम को सरयू आरती में 1100 अर्चक और बटुक मौजूद रहेंगे। सभी बटुक एक ही वेशभूषा में नजर आएंगे। 15 मिनट होने वाली आरती में इतनी संख्या में बटुकों का जुटना भी रिकॉर्ड है।

राम की पैड़ी पर शाम से शुरू होगा दीपों का प्रज्ज्वलन

शाम को राम की पैड़ी पर दीपों को जगमग करने का काम शुरू होगा। 25 लाख दीपों को जगमग करने के लिए राम की पैड़ी के 55 घाटों पर 28 लाख दीये सजाए गए हैं। इन्हें प्रज्ज्वलित करने की जिम्मेदारी अवध विश्वविद्यालय के 30 हजार वॉलंटियर्स को दी गई है। शाम तक सभी दीए जल जाएंगे। इसके बाद गिनीज बुक की टीम ड्रोन से गिनती कर रात आठ बजे तक रिजल्ट घोषित कर देगी।