यूपी: प्रदेश पुलिस में चल रही भर्तियों की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ रही है। हाल ही में 41 हजार से अधिक पदों पर होमगार्ड भर्ती के लिए लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। अब उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के सामने जून महीने में होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा बड़ी चुनौती के रूप में सामने है। इस परीक्षा में 32,679 सिपाही और समकक्ष पदों के लिए आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 40 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। यदि यह परीक्षा भी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होती है, तो बोर्ड लगातार तीन सफल परीक्षाओं का रिकॉर्ड बना लेगा।

भर्ती बोर्ड से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान नकल माफिया और सॉल्वर गैंग जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा गया। संगठित रूप से परीक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिशों को समय रहते रोका गया, जिससे परीक्षा बिना किसी बड़ी गड़बड़ी के संपन्न हो सकी। अब सबसे अहम परीक्षा 8 से 10 जून के बीच प्रस्तावित सिपाही भर्ती की है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

होमगार्ड भर्ती को लेकर बढ़ा रुझान

होमगार्ड भर्ती को लेकर युवाओं में अच्छा खासा उत्साह देखने को मिला है। इसका एक बड़ा कारण यह है कि अब होमगार्ड को पूरे साल कार्य के अवसर मिल रहे हैं, जिससे उनकी आय बढ़कर लगभग 25 हजार रुपये तक पहुंच रही है। साथ ही, गृह जिले में तैनाती भी इस नौकरी की प्रमुख आकर्षक विशेषता बन गई है। वहीं, दूसरी ओर सिपाही बनने के बाद जहां वेतन अपेक्षाकृत अधिक होता है, वहीं नौकरी के दौरान विभिन्न जिलों और जोन में तबादले भी होते रहते हैं।