अमेठी जिले के विद्यालयों में जल्द ही “प्रेरणा कैंटीन” की शुरुआत की जाएगी, जिसका संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य एक ओर छात्रों और स्टाफ को स्वच्छ, पौष्टिक और सस्ता भोजन उपलब्ध कराना है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की ओर से इस योजना को व्यापक स्तर पर लागू करने की रूपरेखा तैयार की गई है। योजना के तहत जिले के कुल 37 हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कॉलेजों में कैंटीन स्थापित की जाएंगी। इनमें 15 हाईस्कूल और 22 इंटर कॉलेज शामिल हैं।
यह व्यवस्था उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत संचालित महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से की जाएगी। जिले में पहले से ही करीब 10,700 महिला स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनमें प्रत्येक समूह में 10 से 12 महिलाएं शामिल हैं। इन समूहों को कैंटीन संचालन की जिम्मेदारी देकर उनकी आमदनी बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रेरणा कैंटीन स्कूल समय के अनुसार खुलेंगी, जहां छात्रों और कर्मचारियों को कम कीमत पर शुद्ध और पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि महिलाओं को उद्यमिता की दिशा में भी नई पहचान मिलेगी।
जिन विद्यालयों में सबसे पहले कैंटीन शुरू की जाएंगी, उनमें राजकीय इंटर कॉलेज मऊ अतवारा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फुरसतगंज, अमेठी, जायस, आरएचएस इंटर कॉलेज सरमे जामो और उमरमन जीजीआईसी जामो सहित कई अन्य संस्थान शामिल हैं।