गर्मी में बीयर की बढ़ी डिमांड, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में टूटा बिक्री का रिकॉर्ड

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों की प्यास इन दिनों बीयर से बुझ रही है। मार्च से मई के बीच यहां 1.83 करोड़ से ज्यादा बीयर केन खरीदी गईं, जो पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 36 लाख अधिक हैं। पिछले साल इसी अवधि में 1.47 करोड़ केन की बिक्री हुई थी। जून-जुलाई में भी बिक्री में नया रिकॉर्ड बनने की संभावना है। गर्मी बढ़ने के साथ ही लोग अंग्रेजी और देसी शराब से दूरी बना रहे हैं।

इस बार सर्दियां कम समय तक रही और मार्च तक गर्मी ने जोर पकड़ लिया। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर शराब पसंद करने वाले लोगों ने बीयर को प्राथमिकता दी। मई 2024 में 71.12 लाख बीयर केन बिकीं, जबकि मई 2023 में यह संख्या 60.41 लाख थी—यानी करीब 10 लाख केन की वृद्धि। अप्रैल में यह बढ़त 22 लाख से अधिक रही।

बीयर ने छोड़ा पीछे देसी-अंग्रेजी शराब को

हालांकि अंग्रेजी और देसी शराब की बिक्री में भी वृद्धि देखी गई है, लेकिन वह बीयर की रफ्तार से पीछे हैं। मई 2023 में अंग्रेजी शराब की 13 लाख बोतलें बिकी थीं, जो मई 2024 में बढ़कर 16 लाख से अधिक हो गईं। देसी शराब की बिक्री 18 लाख से बढ़कर 20 लाख के करीब पहुंच गई। आबकारी विभाग को वित्तीय वर्ष 2023-24 में ₹1,735 करोड़ और 2024-25 में अब तक ₹1,923 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। केवल अप्रैल और मई में ही ₹211-211 करोड़ से अधिक की कमाई हुई।

तापमान के साथ बदल रही शराब की पसंद

सर्दी के मौसम में जहां अंग्रेजी और देसी शराब की खपत अधिक रहती है, वहीं गर्मी आते ही बीयर की मांग तेजी से बढ़ जाती है। जिले की सभी शराब दुकानों पर विभिन्न ब्रांड्स की बीयर उपलब्ध कराई जा रही है।

सुबोध कुमार श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here