रायबरेली के हरचंदपुर से पूर्व विधायक और यूपी सरकार में राज्य मंत्री दिनेश सिंह के छोटे भाई राकेश सिंह के साथ जमीन खरीद के नाम पर करीब 98.90 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में उन्होंने निगोहां थाने में तीन लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।

सुशांत गोल्फ सिटी निवासी राकेश सिंह के मुताबिक करीब एक साल पहले निगोहां क्षेत्र के दखिना गांव के रहने वाले विकास तिवारी, पूर्व प्रधान अशोक तिवारी और उनके साथियों ने निगोहां टोल प्लाजा के पास जमीन खरीदकर प्लॉटिंग करने का प्रस्ताव दिया था। आरोप है कि उन्होंने सात बीघा जमीन बेचने की बात कहकर करीब दो करोड़ रुपये में सौदा तय किया। शर्त के मुताबिक आधी रकम पहले और बाकी रजिस्ट्री के समय देने की बात हुई थी।

राकेश सिंह का कहना है कि आरोपियों के बताए गए न्यू लखनऊ इंटरप्राइजेज के बैंक खाते में 14 नवंबर 2024 को 25 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा लगभग 75 लाख रुपये उन्होंने अलग-अलग तारीखों में नकद दिए।

कागजात जांचने पर सामने आया फर्जीवाड़ा

पीड़ित के अनुसार करीब एक करोड़ रुपये देने के बाद जब उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही तो आरोपियों ने पहले कागजात तैयार कराने को कहा। लेकिन दस्तावेजों की जांच कराने पर पता चला कि जमीन से जुड़े कागजात फर्जी हैं।

राकेश सिंह ने जब इस बारे में आरोपियों से सवाल किया तो उन्होंने गलती स्वीकार करते हुए जल्द ही पैसे लौटाने का भरोसा दिया। आरोप है कि बाद में उन्होंने केवल 24,500 रुपये की ईंट और 85 हजार रुपये निर्माण कार्य के दौरान दिए, जबकि बाकी 98.90 लाख रुपये वापस नहीं किए।

पूर्व विधायक का यह भी कहना है कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन बेचने का झांसा देकर कई अन्य लोगों को भी ठग चुके हैं।

इस मामले में निगोहां थाना प्रभारी अनुज चौधरी ने बताया कि शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।