लखनऊ: मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में शुक्रवार को तकनीकी गड़बड़ी के कारण छह सीटें गायब हो गईं। जब यात्री अपनी निर्धारित सीट पर पहुंचे, तो पाया कि उनके लिए तय स्थान खाली था। इस घटना की शिकायत यात्रियों ने रेल हेल्पलाइन पर दर्ज कराई।
ट्रेन 12533 पुष्पक एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी एस-3 में तकनीकी समस्या के कारण उसे बदलना पड़ा। इसके स्थान पर भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन की स्लीपर क्लास बोगी लगा दी गई। हालांकि, बोगी बदलते समय रेलवे के यांत्रिक विभाग ने यह नहीं जांचा कि सीटों के फ्रेम मौजूद हैं या नहीं। इस बोगी में सीट नंबर 36, 37, 38, 41, 42 और 43 के फ्रेम ही गायब थे।
यात्रियों ने गायब सीटों का वीडियो बनाकर रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई। इस वजह से बोगी में छह सीटें उपलब्ध नहीं थीं और वहां बड़ा खाली स्थान दिखाई दे रहा था।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण बोगी एस-3 को बदलना पड़ा। यात्रियों को जगह सुनिश्चित करने के लिए तीन यात्री एस-3, दो यात्री एस-2 और एक यात्री को फिर से सीटें उपलब्ध कराई गईं।