नोएडा। सेक्टर 70 के बसई गांव के पास गुरुवार देर रात एक कार बिना हैंडब्रेक लगे फिसलकर खुले नाले में जा गिरी। सौभाग्य से कार में कोई नहीं था, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सका।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर कार को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, कार चालक शराब की दुकान के पास सामान लेने के लिए कार छोड़ गया था। इसी दौरान कार धीरे-धीरे फिसलकर नाले में जा गिरी।
फेज तीन थाना प्रभारी पुनीत सिंह ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और किसी ने पुलिस में शिकायत भी नहीं दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नोएडा में कई जगह खुले नाले हैं, जो सुरक्षा के लिए खतरा हैं। सेक्टर 150 में हुई पिछली घटना के बाद भी प्राधिकरण द्वारा नालों को ढकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। बसई गांव के लोग कई बार इस मामले में प्रशासन को आगाह कर चुके हैं।