ग्रेटर नोएडा में बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चेन लूट की वारदात में शामिल दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में नवादा मंदिर के पास पांच दिन पहले हुई चेन स्नैचिंग में शामिल युवक और उसका साथी लालू उर्फ राजेंद्र शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के खिलाफ लूट और अन्य आपराधिक मामलों को मिलाकर लगभग 28 मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से सक्रिय अपराधी बताया जा रहा है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल, अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद किए हैं। यह मोटरसाइकिल करीब ढाई महीने पहले कासना के कालीचरण मार्केट क्षेत्र से चोरी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके अन्य आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।