ग्रेटर नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री की कथित आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के मामले में अब कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष मनोज भाटी बोड़ाकी ने इस प्रकरण में अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
जानकारी के अनुसार, मनोज भाटी ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल कर थाना सूरजपुर को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की। न्यायालय के आदेश के बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिवक्ता का आरोप है कि ‘इंडियन स्टोरी’ नामक एक सोशल मीडिया अकाउंट से उक्त तस्वीर पोस्ट की गई, जिसका उद्देश्य संबंधित परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाना और सामाजिक रूप से बदनाम करना था। पोस्ट पर कथित रूप से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं, जिससे परिवार को मानसिक आघात पहुंचने की बात कही गई है।
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की मांग की गई थी। अधिवक्ता के मुताबिक, 30 दिसंबर 2025 को थाना सूरजपुर में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एक जनवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) को भी रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से अवगत कराया गया, फिर भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
अंततः न्यायालय के निर्देश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने पुष्टि की कि एफआईआर दर्ज कर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।