नोएडा। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में एलिवेटेड रोड पर शनिवार देर रात दो कारों की टक्कर के बाद विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने दूसरी कार में मौजूद महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले में महिला के परिजन की ओर से अज्ञात युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

घटना से जुड़ा लगभग 13 सेकेंड का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो में एक महिला भावुक अवस्था में “मैंने कुछ नहीं किया” कहते हुए दिखाई दे रही है।

जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के शिकोहाबाद निवासी एक व्यक्ति अपने दो दोस्तों और महिला रिश्तेदार के साथ स्विफ्ट कार से सेक्टर-18 से सेक्टर-71 की ओर जा रहे थे। इस दौरान इस्कॉन मंदिर के पास उनकी कार की टक्कर स्कॉर्पियो से हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

वहीं, पीछे खड़े कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सेक्टर-24 थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।