जौनपुर के श्री कृष्ण नगर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर गुरुवार सुबह पटरी टूटने से एक मालगाड़ी के 21 डिब्बे डिरेल हो गए। घटना सुबह 7:45 बजे की है। खाली मालगाड़ी लखनऊ से वाराणसी की तरफ जा रही थी। मालगाड़ी स्टेशन को क्रास ही कर रही थी की पटरी टूटने के कारण पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी रेल रूट पूरी तरह से बाधित हो गया है। मौके पर रेलवे के अधिकारी भी पहुंच रहे हैं।
बता दें कि मुगलसराय से कोयला लाने के लिए सुल्तानपुर से सुबह 06:58 बजे मालगाड़ी रवाना हुई। मालगाड़ी में 59 बोगी लगी थीं। मालगाड़ी बदलापुर के श्री कृष्ण नगर रेलवे क्रॉसिंग को पार करने के बाद सुबह 07:58 बजे उदपुर घाटमपुर के पास पहुंची थी। अचानक कुछ बोगी बीच से ट्रैक से उतर गईं।

मालगाड़ी की गति अधिक होने के कारण आगे से 16 और पीछे से 21 बोगी को छोड़कर बची 21 बोगी पलट गईं। हालांकि चालक एके चौहान और गार्ड संजय यादव पूरी तरह से सुरक्षित हैं। घटना के कारण दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग जाम हो गया है। महामना एक्सप्रेस, सुल्तानपुर-जौनपुर-वाराणसी पैसेंजर बीच में ही खड़ी हैं। इसके चलते यात्री परेशान हैं।
कई गाड़ियों का रूट डायवर्ट किया गया
मालगाड़ी से पहले यहां से महामना एक्सप्रेस को गुजरना था, लेकिन महामना एक्सप्रेस लेट हो गई थी। इसलिए मालगाड़ी को पास कराया जा रहा था। फिलहाल वाराणसी-सुल्तानपुर-लखनऊ रूट पर जाने वाली गाड़ियों का मार्ग डायवर्ट किया गया है। महामना एक्सप्रेस को प्रतापगढ़ के रूट से भेजा जा रहा है। वहीं पटना-इंदौर एक्सप्रेस भी दूसरे रूट से भेजी जाएगी।
पीडब्ल्यूआई जौनपुर बृजेश यादव ने बताया कि सुल्तानपुर से मुगलसराय जा रही मालगाड़ी के किसी डिब्बे का पहिया जाम होने के कारण यह घटना हुई है। मालगाड़ी श्रीकृष्ण नगर स्टेशन के आगे आउटर पर जैसे रेल लाइन परिवर्तन के लिए बढ़ी तभी अचानक उसका डिब्बा पलट गया। घटना की सूचना उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। स्थानीय रेलवे के अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं।
एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए डिब्बे
हादसा इतना भयानक था कि आवाज सुनकर आसपास गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। मालगाड़ी के 21 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। वहीं कई डिब्बों के पहिये झटक कर दूर जा गिरे थे। कुछ डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए थे।