गोरखपुर। पूर्व मंत्री (दर्जा प्राप्त) गंगा निषाद पर गुरुवार सुबह उस समय जानलेवा हमला हो गया जब वह अपने घर के बाहर टहल रहे थे। हमले में उनके सिर पर हथौड़ी से वार किए जाने की बात सामने आई है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
टहलते समय हुआ हमला
घटना सुबह करीब छह बजे खुटहन गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गंगा निषाद रोज की तरह घर के बाहर टहल रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया।
हथौड़ी से सिर पर किए गए वार
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली हथौड़ी से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में उनकी बाईं आंख के ऊपर गहरी चोट आई है।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
परिजन तुरंत उन्हें चरगांवा सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुरानी रंजिश की आशंका
परिवार के अनुसार, घटना के पीछे जमीन और निर्माण कार्य से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। करीब 10 दिन पहले पड़ोसियों द्वारा मकान के पास गड्ढा खुदवाए जाने को लेकर दोनों पक्षों में तनाव पैदा हुआ था।
पुलिस जांच में जुटी
घटना को लेकर गुलरिहा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।