लखनऊ। रिश्तों की मर्यादा को तोड़ने वाला एक प्रेम प्रसंग दर्दनाक अंत तक पहुंच गया। परिजनों के विरोध और कानूनी कार्रवाई के दबाव से घबराकर एक युवक ने होटल में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
होटल में काम करता था युवक
मृतक की पहचान 24 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से लखनऊ के काकोरी क्षेत्र का रहने वाला था और वर्तमान में नेताजी नगर में किराए के मकान में रह रहा था। पिछले करीब छह वर्षों से वह महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल स्थित एक होटल में कुक के रूप में काम कर रहा था।
रिश्ते में मामी से जुड़ा मामला
परिजनों के अनुसार, आकाश का अपने रिश्ते में लगने वाली एक महिला, जो दो बच्चों की मां है, के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि इस रिश्ते की जानकारी महिला के पति और परिवार को हो गई थी, जिसके बाद विरोध शुरू हो गया।
इसके बाद महिला ने अपने बयान में बदलाव करते हुए आकाश पर परेशान करने का आरोप लगाया।
धमकियों और दबाव का आरोप
आरोप है कि महिला के परिजनों ने आकाश का विरोध करते हुए उसे फोन पर धमकियां दीं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि इसी तनाव और कार्रवाई के डर से आकाश ने देर रात होटल में सल्फास खा लिया।
हालत बिगड़ने पर होटल कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।