मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालक एवं प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह कार्यक्रम लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हुआ, जहां इस अवसर पर पुलिस दूरसंचार विभाग पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

युवाओं को बड़ा संदेश: ईमानदारी से करें सेवा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया अब पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले की व्यवस्था में सिफारिश और भ्रष्टाचार की शिकायतें आम थीं, लेकिन अब चयन पूरी तरह योग्यता और आरक्षण के नियमों के आधार पर होता है।

सीएम योगी ने नवचयनित कर्मियों से कहा कि ईमानदारी से मिली इस नियुक्ति के बाद उनका कर्तव्य है कि वे उसी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ जनता की सेवा करें।

एक लाख भर्तियों की तैयारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लगभग एक लाख नई भर्तियां करने जा रहा है। हाल ही में होमगार्ड विभाग में 41 हजार पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई है। सिविल पुलिस, एसआई और होमगार्ड जैसी भर्तियों की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रदेश में 2.20 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की जा चुकी है।

प्रशिक्षण क्षमता में बड़ा बदलाव

सीएम ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में एक बार में केवल 3 हजार पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण संभव था, लेकिन अब यह क्षमता बढ़कर एक साथ 60 हजार से अधिक कर्मियों तक पहुंच गई है। हाल ही में 60,000 आरक्षियों का दीक्षांत समारोह भी आयोजित किया गया था।

आधुनिक पुलिसिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यूपी पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के विकास और निवेश बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ढांचे में बड़े सुधार किए गए हैं, जिनमें नए मॉडल थाने, फायर स्टेशन, महिला पीएसी बटालियन, एसडीआरएफ और एसएसएफ का गठन शामिल है। साथ ही फॉरेंसिक सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है।

फिटनेस और अनुशासन पर जोर

सीएम योगी ने युवाओं को फिट रहने की सलाह देते हुए कहा कि शारीरिक फिटनेस मानसिक मजबूती का आधार है, और यही उन्हें बेहतर पुलिसकर्मी बनाएगी।

कार्यक्रम में रहे कई वरिष्ठ अधिकारी

इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण, अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बोर्ड के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

चयनित युवाओं में उत्साह

मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनित अभ्यर्थियों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने इस अवसर को अपने जीवन का महत्वपूर्ण क्षण बताया।