गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में नाबालिग लड़की की मौत के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कहीं भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने पीड़िता के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए कहा कि सपा की ओर से परिवार को 5 लाख रुपये की मदद दी जाएगी।
महिलाओं के आरक्षण पर बयान
महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह बिल पहले ही संसद से पारित हो चुका है और सरकार को इसे तुरंत लागू करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र सरकार महिलाओं को आरक्षण देने में इच्छुक नहीं दिखती।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
इस मामले पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा को गाजीपुर जाने के लिए सीमित संख्या में अनुमति दी गई थी, लेकिन अधिक लोग पहुंच गए।
वहीं कांग्रेस की ओर से भी एक प्रतिनिधिमंडल गाजीपुर जाने की तैयारी में है, जो मामले की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगा।