मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचकर श्रद्धालुओं को संबोधित किया और श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र की हर गली और कोना कृष्ण कन्हैया की स्मृतियों से भरा है, राधारानी की यादें हर जगह जीवित हैं। सीएम ने आशा जताई कि भगवान कृष्ण की कृपा से मथुरा में भी अयोध्या की तर्ज पर भव्य मंदिर का निर्माण संभव होगा।

मुख्यमंत्री ने अपने दौरे से पहले ब्रज तीर्थ विकास परिषद की आठवीं बोर्ड बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मथुरा से वृंदावन के बीच फोरलेन सड़क बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। सीएम ने कहा कि रेलवे के साथ समन्वय बढ़ाकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की जाए ताकि सड़क निर्माण जल्द शुरू किया जा सके। उन्होंने बताया कि भविष्य में इसी मार्ग पर एलीवेटेड मेट्रो चलाने की योजना भी है।

इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये की मंजूरी पर मुहर लगाई। उन्होंने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में जलमार्ग विकसित कर नौका और क्रूज संचालन की योजना, छाता क्षेत्र के अजीजपुर गांव में प्रस्तावित वाटर म्यूजियम, चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के विकास और 36 वनों के इको-रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट जैसे विभिन्न योजनाओं पर तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने होली के त्योहार पर ब्रजवासियों के उत्साह की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखता है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा फैलाता है और जीवन में अराजकता और नकारात्मकता के लिए कोई स्थान नहीं छोड़ता। सीएम ने जोर देकर कहा कि जिस तरह अयोध्या में श्रीराम मंदिर का भव्य निर्माण हुआ, उसी तरह भगवान कृष्ण के भव्य मंदिर की स्थापना मथुरा में भी संभव होगी।