कौशाम्बी। चायल की सपा विधायक पूजा पाल के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियाँ करने वाले उमेश यादव के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई अधिवक्ता श्याम चंद्र पाल और शेखपुर रसूलपुर निवासी संतोष कुमार पाल की तहरीर पर की गई।
तहरीर में कहा गया है कि उमेश यादव ने कई बार एक्स पर विधायक पूजा पाल के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। इससे न केवल चायल क्षेत्र की महिलाओं की भावनाएँ आहत हुईं, बल्कि समाज के कई वर्गों—विशेषकर सेफर्ड, पाल, बघेल, धनगर, गडेरिया और चरवाहा समुदाय—को ठेस पहुंची।
कर्नलगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर उमेश यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्यों की समीक्षा कर रही है।
थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने और अपमानजनक पोस्ट डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की साइबर टीम भी मामले की गहन जांच कर रही है।