अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आनंदी बेन पटेल ने एक साथ योग किया। इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने लोगों को इसके फायदों के बारे में बताया और दूसरों को भी इसके बारे में बताने की सलाह दी।
आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में योग दिवस का नेतृत्व करेंगे। आज पीएम मोदी के साथ 7 हजार लोग योग करेंगे। तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला कश्मीर दौरा है और इसके लिए उन्होंने इस खास दिन को चुना है। पिछले साल मई में इसी जगह पर जी-20 सम्मेलन हुआ था और आज यहां योग का झंडा फहराया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने लिखा, ''सभी प्रदेशवासियों एवं योग साधकों को 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' की हार्दिक बधाई! योग भारत की ऋषि परंपरा का एक अमूल्य उपहार है, जो मानसिक एवं आध्यात्मिक उत्थान के साथ-साथ शरीर को भी स्वस्थ रखता है। आइए, 'स्वस्थ' भारत' 'सशक्त भारत' के निर्माण के लिए नियमित योग करने का संकल्प लें और दूसरों को भी योग के प्रति जागरूक करें।''
देश-विदेश में हो रहा योग
योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति मिले एक दशक हो गया है। इस मौके पर देश से ज्यादा देश के बाहर से लोगों ने योग किया। इस दौरान सभी ने इससे होने वाले फायदों के बारे में भी सभी को जागरूक किया।
संस्कृति मंत्रालय पुराने किले में मनाएगा योग दिवस
संस्कृति मंत्रालय शुक्रवार को दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला स्थल पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा। समग्र स्वास्थ्य और कल्याण में सुधार के लिए योग की व्यापक क्षमता के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) मनाया जाता है। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुतुब मीनार स्थित 'सन डायल लॉन' में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
शेखावत ने हाल ही में दोनों मंत्रालयों का कार्यभार संभाला है। संस्कृति मंत्रालय भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से ऐतिहासिक पुराना किला स्थल पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन करेगा। वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस मौके पर केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सचिव गोविंद मोहन भी मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में करीब 5 लाख लोग शामिल होंगे।