मल्लावां क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा नेता की जान चली गई, जबकि उनके पांच साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मटियामऊ-तेरवाकुल्ली मार्ग पर गुरुवार देर रात हुआ, जब एक तिलक समारोह से लौट रही कार अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, कन्नौज के जसोदा मोहल्ला निवासी भाजपा नेता प्रशांत त्रिपाठी अपने कुछ दोस्तों के साथ सीतापुर के सिंधौली में एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग देर रात करीब दो बजे कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मटियामऊ गांव के पास बने अंधे मोड़ पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार कार सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर सभी घायलों को बाहर निकाला। कार में सवार प्रशांत त्रिपाठी के साथ शुभम तिवारी, बादल तिवारी, रमन तिवारी, निशांत अग्निहोत्री और विकास पांडेय को गंभीर हालत में एंबुलेंस से कन्नौज जिला अस्पताल भेजा गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रशांत त्रिपाठी की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज कन्नौज जिला अस्पताल में जारी है।
मृतक के परिवार में पत्नी मानसी और चार साल की बेटी कनिका है। परिजनों के अनुसार, प्रशांत त्रिपाठी आगामी जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। उनके पिता गोपाल त्रिपाठी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है।