कानपुर: शुक्रवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में एक सनसनीखेज कॉल आई, जिसमें दावा किया गया कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन को शाम सात बजे बम से उड़ा दिया जाएगा। सूचना मिलते ही कमिश्नरी पुलिस हरकत में आ गई और पूरे स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
धमकी की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ आरपीएफ, जीआरपी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और यात्री विश्राम कक्ष समेत हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई।
यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
कॉल करने वाला युवक हिरासत में
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, सूचना के बाद एलआईयू और खुफिया इकाइयों ने भी मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि उसका मोबाइल 24 फरवरी को चोरी हो गया था।
फिलहाल आरपीएफ और पुलिस उससे पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क रखी गई है।