कानपुर। पंजाब नेशनल बैंक की निराला नगर शाखा से लाकरधारक राजेश मिश्रा के लाकर से 15 लाख रुपये के जेवर गायब हो गए हैं। वह करीब पांच वर्ष बाद अपना लाकर चेक करने मंगलवार को गए थे। लाकर में जेवर ना मिलने पर उन्होंने किदवई नगर थाने में शिकायत की जिस पर पुलिस ने लाकर की जांच की। पुलिस ने बैंक से लाकर रजिस्टर मांगा है। मैनेजर का कहना है कि वह खुद मामले की जांच करा रहे हैं।

जूही बारादेवी निवासी राजेश मिश्रा स्वरूप नगर स्थित एक अस्पताल में चीफ अकाउंटेंट हैं। उनका पंजाब नेशनल बैंक की निराला नगर शाखा में लाकर है। इसमें उनके अपने, पत्नी, बेटे, बेटे के बच्चों के जेवर हैं। राजेश मिश्रा के मुताबिक जनवरी में उनके इकलौते बेटे का निधन हो गया था। मंगलवार को उनकी पत्नी शकुंतला ने कहा कि बेटे और पौत्र के जो जेवर लाकर में रखे हैं, उन्हें निकाल कर सौंप दिया जाए। इस पर वह पत्नी के साथ बैंक शाखा पहुंचे। वहां मैनेजर के साथ लाकर रूम पहुंचे तो उन्होंने अलग से जो ताला लगाया था वह तो लगा था लेकिन पांच वर्ष बंद ताला जंग लगा होने के बाद यूं खुल गया जैसे खुला पड़ा था। लाकर खुलते ही मैनेजर बाहर जाने लगे और उन्होंने लाकर के अंदर हाथ डालकर देखा तो अंदर कुछ नहीं था। उनके मुताबिक उन्होंने तुरंत मैनेजर को आवाज देकर बताया कि अंदर कुछ नहीं है, इस पर उन्होंने कहा कि पिछली बार ही निकाल ले गए होगे। घर में जाकर देखो।

राजेश मिश्रा के मुताबिक इसमें उनकी पत्नी का बेंदा, दो हार, बेटे की चेन, पौत्र व उनकी खुद की चेन, अंगूठी आदि जेवर थे जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है। राजेश मिश्रा ने तुंरत इसकी शिकायत किदवई नगर पुलिस से की। दारोगा अखिलेश उनके साथ बैंक में गए और लाकर चेक किया। उन्होंने शाखा प्रबंधक अमन से भी बात की। इसके साथ ही लाकर रजिस्टर भी मांगा ताकि पता चल सके कि आखिरी बार कब लाकर आपरेट किया गया था।

क्या बोले अफसर...

- शिकायत मिलने के बाद तुरंत बैंक शाखा में जाकर लाकर चेक किया था। वहां राजेश मिश्रा का भी ताला लगा था। लाकर रजिस्टर मांगा है। उसकी भी जांच की जाएगी। - अभिषेक सिंह, दारोगा, साकेत नगर चौकी।

- लाकर में एक अतिरिक्त ताला लगा हुआ था। 2015 के बाद लाकर पहली बार आपरेट किया गया था। राजेश मिश्रा को सलाह दी है कि घर पर भी चेक कर लें। शिकायत लेकर जांच की जा रही है। - अमन, शाखा प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक निराला नगर।