मुजफ्फरनगर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। शनिवार शाम शहर के व्यस्त बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने ‘नो पार्किंग’ और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की, जिससे दिनभर इलाके में हलचल बनी रही।


पुलिस टीमों ने जिला अस्पताल चौराहा, घास मंडी, अंसारी रोड और नावल्टी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया और अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को भी साफ कराया। इस दौरान सड़क पर कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों और ठेले वालों को मौके से हटाया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था कुछ हद तक सामान्य होती दिखाई दी।

अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर विशेष कार्रवाई की गई। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कुल 118 वाहनों के चालान किए। अचानक हुई कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग आनन-फानन में अपने वाहन हटाते नजर आए।

ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।