लखीमपुर खीरी में हुए तिकुनिया कांड में मंगलवार को दो और गिरफ्तारी हुई है। इस मामले में विचित्र और गुरविंदर नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच टीम ने दोनों आरोपियों को सोमवार शाम से ही अपनी कस्टडी में लिया हुआ है। गुरविंदर को जांच टीम ने तीन दिन पहले सिंगाही थाने से उठाया था, जबकि विचित्र सिंह सोमवार शाम को बयान दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे थे। 

भाजपा सभासद द्वारा दर्ज एफआईआर के तहत हुई कार्रवाई
यह दोनों गिरफ्तारियां तिकुनिया मामले में हुई हिंसा के बाद भाजपा सभासद सुमित जायसवाल द्वारा दर्ज कराई गई क्रॉस एफआईआर के तहत हुई है। अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। बताया गया कि गुरविंदर सिंह मोकारमपुर अलीगंज थाना गोला और विचित्र सिंह गोगावां थाना भीरा के रहने वाले हैं।

दोनों पर आरोप है कि तिकुनियां हिंसा के दौरान हुई हत्याओं में से दो भाजपा कार्यकर्ता और एक पत्रकार समेत चार हत्याओं में शामिल थे।

अब तक कुल 15 गिरफ्तारियां
इससे पहले 23 अक्तूबर को जांच टीम के निर्देश पर क्राइम ब्रांच स्वॉट टीम ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहित त्रिवेदी, रिंकू राणा और धर्मेंद्र शामिल थे। ये तीनों पर हिंसा के समय स्कॉर्पियो में बैठे थे। आज की कार्रवाई को भी जोड़ लें तो इस मामले में अब तक कुल 15 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।