पीलीभीत। कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़ा एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें बालू से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

जानकारी के अनुसार, सैंजना गांव निवासी 24 वर्षीय कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश रोजाना की तरह सब्जी बेचने का काम करता था। मंगलवार को वह लौरीखेड़ा ब्लॉक गेट पर लगी सब्जी मंडी में भिंडी बेचने गया था। शाम को दुकान समेटने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान हर चुहिया और सैंजना गांव के बीच रास्ते में कथित रूप से अवैध खनन कर बालू ले जा रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुलदीप ट्रॉली के पहिए की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन आरोप है कि पुलिस काफी देर बाद घटनास्थल पर पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया और अवैध खनन पर रोक लगाने, आरोपी चालक की गिरफ्तारी तथा खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्थिति को देखते हुए सीओ सदर नताशा गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। लगभग एक घंटे तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि देवहा नदी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से बालू खनन किया जा रहा है और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बेखौफ दौड़ रही हैं। कुछ लोगों ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए संरक्षण के आरोप लगाए।

अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और अवैध खनन व लगाए गए आरोपों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।