फिरोजाबाद। पेट्रोल पंप पर बोतल या ड्रम में डीजल-पेट्रोल लेने और बार-बार वाहन का टैंक फुल कराने वालों के लिए प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिले में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और जमाखोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से नए नियम लागू किए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) स्वीटी ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी पेट्रोल पंप पर खुले पात्रों जैसे बोतल या ड्रम में ईंधन नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही, एक बार वाहन का टैंक फुल कराने के बाद उसी दिन उसी वाहन को दोबारा ईंधन नहीं मिलेगा।
कोल्ड स्टोरेज संचालकों पर भी नजर
जिले में आलू बेल्ट होने के कारण कोल्ड स्टोरेज में ईंधन की खपत अधिक रहती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने कोल्ड स्टोरेज संचालकों को भी चेतावनी दी है कि वे अनावश्यक ईंधन भंडारण से बचें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सप्लाई में देरी बनी वजह
डीएसओ के अनुसार, तेल कंपनियों से पेट्रोल पंपों को सप्लाई में इस समय देरी हो रही है। पेट्रोल पंप मालिकों द्वारा एडवांस भुगतान के बावजूद टैंकरों की डिलीवरी में लगभग 48 घंटे तक का समय लग रहा है। वहीं रविवार को मथुरा रिफाइनरी बंद रहने के कारण शनिवार से सोमवार तक आपूर्ति पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है, जिससे बैकलॉग बढ़ गया है।
जिले में ईंधन की कमी नहीं: प्रशासन
डीएसओ स्वीटी ने कहा कि तकनीकी और लॉजिस्टिक कारणों से सप्लाई में अस्थायी देरी हो रही है, लेकिन जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर जरूरत से अधिक ईंधन की खरीदारी न करें। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।