मुजफ्फरनगर। जिले में हाल ही में आयोजित कुष्ठ रोगी खोज अभियान के दौरान नौ नए मरीजों की पहचान हुई है। इनकी पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत उनका उपचार शुरू कर दिया है। इसके साथ ही जिले में कुल कुष्ठ रोगियों की संख्या 36 पहुँच गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने 9 से 23 मार्च तक झुग्गी-झोपड़ी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस अभियान को तेज़ गति से संचालित किया। सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान 594 पर्यवेक्षक और 3019 स्वास्थ्य कर्मियों की टीम सक्रिय रही। प्रत्येक टीम में एक महिला आशा कार्यकर्ता और एक पुरुष स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि टीमों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील वार्डों में घर-घर जाकर संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की। कुल 1074 लोगों की प्रारंभिक जांच के बाद नौ नए मरीजों में कुष्ठ रोग की पुष्टि हुई। उन्होंने यह भी बताया कि सभी नए मरीजों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया है।