मुजफ्फरनगर पुलिस ने अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ को और तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर रविवार को पूरे जिले में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई, जिसमें एक ही दिन में 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान 61 गैर-जमानती वारंटियों और 7 वांछित आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। ये सभी आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे और फरार चल रहे थे।
इस अभियान के तहत पुलिस ने केवल गिरफ्तारी ही नहीं की, बल्कि लंबित मामलों की जांच में भी तेजी लाई। अधिकारियों के अनुसार 61 लंबित विवेचनाओं का भी निस्तारण किया गया है, जिससे जांच प्रक्रिया में गति आई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुबह से ही अलग-अलग टीमों ने एक साथ कई इलाकों में दबिश दी, जिसके चलते फरार आरोपियों में हड़कंप मच गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कई आरोपी बचने की कोशिश भी करते दिखे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून से बचने की कोई गुंजाइश न रहे।