मुजफ्फरनगर। पुरकाजी ब्लॉक क्षेत्र स्थित काऊ सेंचुरी तुगलकपुर कमहेड़ी में मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान का 54वां जन्मदिन श्रद्धापूर्वक और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर गौशाला परिसर में हवन-पूजन किया गया और गायों को हरा चारा खिलाकर सेवा भाव से कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में डॉ. संजीव बालियान स्वयं भी पहुंचे और हवन में भाग लिया। गौशाला समिति के अध्यक्ष कुश पुरी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्मदिन को गौ सेवा और धार्मिक अनुष्ठान के साथ मनाया गया।
उन्होंने कहा कि तुगलकपुर कमहेड़ी में बनी यह काऊ सेंचुरी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आवारा पशुओं की समस्या को नियंत्रित करने में सहायक साबित हो रही है। कार्यक्रम में मौजूद डॉ. बालियान ने भी गौशाला की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्र के लिए उपयोगी सिद्ध हो रही है।
गौशाला समिति के अध्यक्ष कुश पुरी ने बताया कि गायों के चारे और देखभाल की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर समुदाय के सहयोग से की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से भी गौ संरक्षण और गौशालाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर देखा जाता है कि लोग दूध देने के बाद पशुओं को सड़कों पर छोड़ देते हैं, जिससे आवारा पशुओं की समस्या बढ़ती है और किसानों को भी नुकसान होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे पशुओं को गौशालाओं में सौंपा जाए ताकि उनकी उचित देखभाल हो सके।
कार्यक्रम में कई स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।