मुजफ्फरनगर: चरथावल थाना क्षेत्र के गांव पावटी खुर्द में प्रस्तावित देसी शराब के ठेके को लेकर विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और जनप्रतिनिधि हाथों में तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन करते हुए ठेका निरस्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि प्रस्तावित स्थल पर ठेका खोला गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि कुटेसरा-पावटी मार्ग पर जिस स्थान पर शराब का ठेका प्रस्तावित है, वहां से रोजाना स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बच्चे गुजरते हैं। ऐसे में ठेका खुलने से न केवल माहौल प्रभावित होगा, बल्कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो सकता है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ठेका शुरू होने के बाद वहां शराबियों की भीड़ जमा होगी, जिससे आए दिन झगड़े, अभद्रता और असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। ग्रामीणों का कहना है कि इससे गांव का शांतिपूर्ण वातावरण बिगड़ जाएगा और इसका सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ेगा।


गांववासियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शराब ठेके को तुरंत निरस्त किया जाए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली, जिन्होंने एकजुट होकर ठेका न खुलने देने का संकल्प दोहराया।

ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।