मुजफ्फरनगर में भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच विद्युत विभाग ने बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए सख्त अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को विजिलेंस टीम और बिजली विभाग की संयुक्त कार्रवाई में शहर के सुजड़ू क्षेत्र स्थित खालसा पट्टी और खालापार इलाकों में छापेमारी की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, और कई लोग बिजली के अवैध कनेक्शन हटाते हुए भी दिखाई दिए।
छापेमारी के दौरान सात घरों में बिजली चोरी के मामले सामने आए। जांच में पाया गया कि कुछ उपभोक्ता मीटर को बाईपास कर सीधे ‘कटिया’ डालकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार इससे न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा था, बल्कि बिजली नेटवर्क पर भी अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा था।

बिजली चोरी के मामलों में सभी सात आरोपियों के खिलाफ खालापार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। विभाग ने साफ किया है कि गर्मी के इस मौसम में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि अवैध बिजली उपयोग से ट्रांसफार्मर और लाइनों पर ओवरलोड बढ़ जाता है, जिससे सामान्य उपभोक्ताओं को भी परेशानी होती है। इस कार्रवाई में प्रवर्तन दल प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी राघवेंद्र, अवर अभियंता दिलीप कुमार यादव सहित विजिलेंस और विभागीय टीम शामिल रही।