मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के रोनी हरजीपुर गांव से शुक्रवार को दर्जनों ग्रामीण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने अपनी पुश्तैनी भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उनकी पुश्तैनी “दाद इलाही” भूमि पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


एक पीड़ित युवक ने बताया कि गांव के जमील, कल्लू, आमिर खान, सुक्का और कादिर सहित कुछ अन्य लोगों पर उनकी जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इन लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले इन आरोपियों का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वे ग्रामीणों के साथ मारपीट करते नजर आए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई भी की थी।

पीड़ित ने बताया कि फरवरी 2026 में प्रशासन ने संबंधित भूमि को कब्जामुक्त कराया था, लेकिन आरोप है कि अब वही लोग एक बार फिर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहले भी कब्जे की कोशिश को लेकर मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।


इसके अलावा पीड़ित पक्ष ने दावा किया कि भूमि विवाद से जुड़ा मामला वर्ष 2012 में मुजफ्फरनगर न्यायालय द्वारा खारिज किया जा चुका है, जबकि 2013 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में दायर अपील भी निरस्त हो चुकी है। वर्तमान में इस जमीन से जुड़ा कोई मामला न्यायालय में लंबित नहीं है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपित उन्हें भूमि पर बाउंड्री निर्माण करने से रोक रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।