मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मदीना कॉलोनी में शनिवार दोपहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक विवाहिता अपने दो बच्चों के साथ पति के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। महिला के विरोध प्रदर्शन के चलते इलाके में भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, पुरकाजी निवासी रेशमा की शादी करीब 13 साल पहले अफसान से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि उनका बड़ा बेटा अरशद पिछले लगभग दो महीने से लापता है, जिसकी जानकारी ससुराल पक्ष से नहीं दी जा रही है।

रेशमा ने यह भी आरोप लगाया कि नवंबर 2025 में हुए समझौते के बाद वह दोबारा ससुराल लौटी थीं, लेकिन इसके बाद से उनके साथ लगातार उत्पीड़न शुरू हो गया। उनका कहना है कि घर में उन्हें खाना, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं तक नहीं दी जा रही थीं, जिसके चलते उनका खर्च उनके मायके वाले उठा रहे हैं।


शनिवार को विवाद सुलझाने के लिए महिला थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई, लेकिन वहां भी कोई समाधान नहीं निकल सका। रेशमा का आरोप है कि बातचीत के दौरान उनके पति अचानक वहां से चले गए।

इसके बाद जब वह वापस ससुराल पहुंचीं तो घर पर ताला लगा मिला। इसी से नाराज होकर उन्होंने अपने बच्चों के साथ घर के बाहर धरना शुरू कर दिया और वहीं बैठ गईं।

मौके पर रेशमा और उनके ससुराल पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। घर के अंदर मौजूद लोग खिड़की से जवाब देते रहे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख सिविल लाइन थाना पुलिस और डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए घर का दरवाजा खुलवाया और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।