मुजफ्फरनगर में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार शाम पुलिस द्वारा व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई एसपी सिटी अमृत जैन के निर्देश पर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर की गई।

अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष नजर रखी गई, खासकर उन दोपहिया चालकों पर जो वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पाए गए। ऐसे सभी उल्लंघनकर्ताओं के मौके पर ही चालान काटे गए।

शहर के व्यस्त इलाकों जैसे शिव चौक, हनुमान चौक, मदीना चौक, अस्पताल चौराहा तथा नई मंडी क्षेत्र के मखियाली चेक पोस्ट सहित कई स्थानों पर पुलिस टीमें तैनात रहीं। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट बाइक, ट्रिपलिंग, बिना हेलमेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।


पुलिस की इस सघन चेकिंग के दौरान किसी भी सिफारिश या दबाव का कोई असर नहीं पड़ा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बिना भेदभाव कार्रवाई जारी रही।

नई मंडी क्षेत्र के भोपा रोड स्थित मखियाली चेक पोस्ट पर कार्रवाई के दौरान ‘पटाखा’ बुलेट बाइक चलाने वाले भीम आर्मी से जुड़े एक कार्यकर्ता सहित दो बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया। इस कार्रवाई के बाद अन्य वाहन चालकों में भी सतर्कता देखने को मिली।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।