मुजफ्फरनगर। दी गुड़ खांडसारी एंड ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के चुनाव को लेकर चल रहा विवाद अब खुलकर बयानबाजी के स्तर पर पहुंच गया है। एक दिन पहले चुनाव प्रक्रिया और चुनाव अधिकारी पर उठाए गए सवालों के बाद शुक्रवार को संजय मित्तल गुट ने प्रेस वार्ता कर सभी आरोपों का जवाब दिया और चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बताया।

मेरठ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रत्याशी संजय मित्तल ने कहा कि यह चुनाव व्यापारिक संगठन से जुड़ा है, इसलिए सभी पक्षों को मर्यादा और लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्पक्ष तरीके से कर रहे हैं और प्रक्रिया को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाया जा रहा है।


संजय मित्तल ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि चुनाव नियमों के अनुसार ही कराया जा रहा है और किसी भी व्यापारी के अधिकारों का हनन नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर व्यापारियों के बीच अविश्वास का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जो सफल नहीं होगी।

प्रेस वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिनमें सुरेंद्र बंसल, हरिशंकर तायल, राजेंद्र सिंघल, नितिन सिंघल, राजेश गोयल, विवेक गर्ग और सुनील त्यागी शामिल रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी है और संगठन की गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है।


संजय मित्तल गुट ने आगे कहा कि इस चुनाव में जीत-हार से ज्यादा अहम व्यापारियों की एकता और संगठन की प्रतिष्ठा है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहकर 30 जून को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान करें और अपने प्रतिनिधियों का चयन करें।