मुजफ्फरनगर: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार शाम करीब 7 बजे जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने एसपी सिटी अमृत जैन के साथ शहर में जुलूस मार्ग और कर्बला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूरे रूट का बारीकी से जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।


अधिकारियों ने मौके पर मौजूद आयोजकों, धर्मगुरुओं और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने सभी से अपील की कि मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाया जाए।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलूस केवल निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाए और किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी जाए।


निरीक्षण के दौरान ताजियों की ऊंचाई को निर्धारित मानकों के अनुसार रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विद्युत तारों या अन्य बाधाओं से किसी तरह की दुर्घटना न हो। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के भी आदेश जारी किए गए।

इस दौरान कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।