मुजफ्फरनगर: बिहार के कथित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर को लेकर विरोध तेज हो गया है। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार शाम कैंडल मार्च निकालकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके साथ न्याय की मांग उठाई। इस दौरान पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने की अपील भी की गई।

हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष शैंकी शर्मा और युवा जिला अध्यक्ष हेमंत शर्मा के नेतृत्व में यह कैंडल मार्च करीब 7:30 बजे रुड़की रोड स्थित पाल धर्मशाला से शुरू हुआ। यह मार्च शिव चौक होते हुए तुलसी पार्क तक पहुंचा। रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां और मशाल लेकर प्रदर्शन किया।
तुलसी पार्क पहुंचकर सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एनकाउंटर की जांच की मांग दोहराई।
इस दौरान संगठन की ओर से प्रधानमंत्री के नाम एक 10 सूत्रीय ज्ञापन भी पुलिस प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन सब-इंस्पेक्टर शशि थरूर को दिया गया, जिसमें मामले की उच्च स्तरीय जांच, पीड़ित परिवार को न्याय और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई जैसी मांगें शामिल थीं।

जिला अध्यक्ष शैंकी शर्मा ने कहा कि यदि एनकाउंटर में किसी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है और दोषियों को कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठाता रहेगा।
वहीं युवा जिला अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने कहा कि जब तक भरत भूषण तिवारी को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र और बिहार सरकार से मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की।