मुजफ्फरनगर: पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्षों तक विभाग में सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई और उनके योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (अपराध) इन्दु सिद्धार्थ ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट किए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति समर्पण का नाम है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को विभाग की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए कहा कि उनका अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।


एसपी क्राइम ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना भी की। उन्होंने कहा कि सेवा से भले ही औपचारिक रूप से विदाई हो गई हो, लेकिन समाज के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

इस अवसर पर अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर उपनिरीक्षक (लेखा) हरलाल सिंह, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस बनी सिंह, उर्दू अनुवादक मंजूर अली, फायरमैन कैसर अब्बास और अनुचर विजयपाल सिंह को सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त किया गया।


समारोह में प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम सम्मान और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।