उत्तराखंड: पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुमखाल से सतपुली के बीच चल रहे चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य के कारण मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक 13 घंटे के लिए यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। सतपुली मल्ली क्षेत्र में भू-धंसाव के चलते सड़क के ऊपरी हिस्से में अस्थिर स्थिति में लटके बड़े-बड़े बोल्डरों को हटाने के लिए कंट्रोल्ड ब्लास्टिंग की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-534 के किमी 188.500 (सतपुली मल्ली) पर सड़क चौड़ीकरण के बाद लगातार भू-धंसाव की समस्या बनी हुई है। इसके चलते ऊपर की ओर मौजूद भारी बोल्डर असुरक्षित हो गए हैं और कभी भी गिरकर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन्हें नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से हटाने का निर्णय लिया गया है।
यह कार्य 30 जून 2026 को शाम 5 बजे से 1 जुलाई 2026 की सुबह 6 बजे तक किया जाएगा। इस अवधि में राजमार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
वैकल्पिक मार्ग निर्धारित
प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है। सतपुली की ओर जाने वाले वाहन सतपुली–कांडाखाल–सिसल्डी–डेरियाखाल मोटर मार्ग से आवागमन कर सकेंगे। वहीं कोटद्वार से आने वाले वाहन दुगड्डा–फतेहपुर–डेरियाखाल–चुंडई–कांडाखाल–सतपुली मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का पालन करें और कार्य के दौरान संबंधित विभागों को सहयोग प्रदान करें, ताकि कार्य सुरक्षित और समय पर पूरा किया जा सके।