मुजफ्फरनगर: नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में एक युवक पर युवती के साथ धोखाधड़ी, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, गांव के रहने वाले मयंक नामक युवक ने उसे शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली। आरोप है कि इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने करीब दो वर्षों तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया।

युवती का यह भी कहना है कि आरोपी ने ब्लैकमेल कर उसके घर से आभूषण भी ले लिए। इतना ही नहीं, 24 अप्रैल को हरिद्वार जनपद में तय हुई उसकी शादी को भी आरोपी ने तुड़वा दिया। विरोध करने पर युवक ने कथित तौर पर कहा कि उसका इरादा ही उसकी जिंदगी बर्बाद करने का था।
घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। पीड़िता ने गांव के कुछ अन्य युवकों पर भी आरोपी का साथ देने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।