मुजफ्फरनगर: तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध हूटर के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को शहरभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 225 वाहनों के चालान किए गए और कुल 4.32 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर की गई। पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे की निगरानी में और क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग की।

अभियान के दौरान 159 ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगे थे। इन पर 2.42 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, प्रेशर हॉर्न और हूटर का इस्तेमाल करने वाले 66 वाहनों से 1.90 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने कई वाहनों के साइलेंसर मौके पर ही हटवा दिए। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के साइलेंसर और हूटर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, जिससे आम जनता के साथ-साथ मरीजों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी होती है।
पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों में अवैध उपकरण न लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें।