मुजफ्फरनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया है। ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत पुलिस ने करीब 19 क्विंटल से अधिक जब्त नशीले पदार्थों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण कराया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थों का कुल वजन 19 क्विंटल 17.456 किलोग्राम था, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 6 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

पर्यावरणीय मानकों के अनुसार किया गया विनष्टीकरण
शुक्रवार शाम को की गई इस कार्रवाई के दौरान थाना खतौली क्षेत्र में दर्ज 12 मामलों से संबंधित 41.354 किलोग्राम मादक पदार्थों को मेरठ स्थित सिनर्जी वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में नष्ट किया गया। यह प्रक्रिया सुभारती मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित इंसिनरेटर के माध्यम से पर्यावरणीय नियमों का पालन करते हुए पूरी की गई।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
पूरे विनष्टीकरण अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा, जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन तथा कमेटी के सदस्य एवं क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू साव की उपस्थिति में की गई।
नष्ट की गई खेप में 22.324 किलोग्राम गांजा, 18 किलोग्राम डोडा-पोस्त और 1.03 किलोग्राम चरस शामिल थी। ये सभी पदार्थ विभिन्न मामलों में पुलिस द्वारा बरामद किए गए थे।

पहले भी नष्ट की जा चुकी है बड़ी मात्रा
मुजफ्फरनगर पुलिस ने बताया कि ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत इससे पहले भी कई चरणों में मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया जा चुका है। 21 अप्रैल को लगभग 997.669 किलोग्राम, 27 मई को 865.380 किलोग्राम तथा 30 जून को जीआरपी द्वारा जब्त 13.053 किलोग्राम नशीले पदार्थ नष्ट किए गए थे।
नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी रहेगी
पुलिस का कहना है कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अभियान में जब्त किए गए मादक पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमित रूप से नष्ट किया जाता रहेगा। साथ ही, नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी आगे जारी रहेगी।