मुजफ्फरनगर। पुलिस ने एक लंबे समय से फरार चल रहे शातिर वाहन चोर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के न्यू सीलमपुर निवासी तैय्यब उर्फ छोटू के रूप में हुई है, जिस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार तैय्यब खुद को अपराध की दुनिया में “डॉन” जैसा बताकर लोगों में रौब जमाने की कोशिश करता था और अपने परिचितों के बीच फिल्मी डायलॉग दोहराते हुए कहता था कि उसे पकड़ना आसान नहीं है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था। वह हर कुछ महीनों में अपना लोकेशन बदल लेता था, जिससे पुलिस को उसकी तलाश में लगातार चुनौती का सामना करना पड़ रहा था।

पुलिस का कहना है कि शाहपुर थाना क्षेत्र की टीम को गुप्त सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान आरोपी के आने की जानकारी मिली थी। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह मौके से भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।


पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तैय्यब के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर और मुजफ्फरनगर सहित कई जिलों में वाहन चोरी और अवैध हथियार रखने समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह बुढ़ाना थाने में दर्ज एक केस में वांछित चल रहा था।

अधिकारियों का कहना है कि अपराध की दुनिया में खुद को “डॉन” बताने वाला यह आरोपी आखिरकार पुलिस से बच नहीं सका और कानून के शिकंजे में आ गया।