लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे, जहां अमौसी एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के ऐशबाग रामलीला मैदान स्थित सभागार में भाजपा मंडल चार के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और देश की बदलती वैश्विक छवि पर विस्तार से बात की।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश की अर्थव्यवस्था का वैश्विक रैंकिंग में 11वां स्थान था, जो अब छलांग लगाकर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दो से तीन वर्षों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर भारतीय सेना की कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए इसे 1971 के बाद का सबसे निर्णायक और प्रभावशाली जवाब बताया। उन्होंने भारतीय सैनिकों की बहादुरी और सटीक रणनीति की सराहना की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि संगठन के असली आधार कार्यकर्ता ही होते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और पार्षद कार्यकर्ताओं की मेहनत से बनते हैं, इसलिए उन्हें पूरा सम्मान मिलना चाहिए। साथ ही कार्यकर्ताओं को सुझाव दिया कि वे जनता से सीधे जुड़ाव रखें और सत्ता का अहंकार न पाले।
रक्षा मंत्री ने लखनऊ में हो रहे विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गोमती नगर रेलवे स्टेशन पूरे एशिया में अपने तरह का अनूठा स्टेशन होगा। इसके अलावा लखनऊ एयरपोर्ट की गुणवत्ता का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन की दूसरी एंट्री का 80% कार्य पूरा हो चुका है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।